PALI SIROHI ONLINE
दीपावली पर अस्थाई आतिशबाजी विक्रय के लिए आवेदन 12 अक्टूबर तक
पाली, 25 सितम्बर। दीपावली पर्व के अवसर पर पाली शहर एवं जिले के अन्य सार्वजनिक तथा सुसंगत स्थानों पर केवल ग्रीन आतिशबाजी के अस्थाई संग्रहण एवं विक्रय के लिए अस्थाई अनुज्ञा-पत्र जारी किए जाएंगे।
जिला कलेक्टर कार्यालय, पाली द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इच्छुक आवेदक विस्फोटक नियम, 2008 के निर्धारित प्रपत्र (प्ररूप एई-5) में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदक को आवेदन पत्र के साथ प्रस्तावित स्थल का चार प्रतियों में साइट प्लान, पहचान पत्र की प्रमाणित प्रति, व्यवसायिक स्थल के स्वामित्व/किरायानामा संबंधी दस्तावेज तथा पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करनी होगी। प्रस्तावित दुकान का क्षेत्रफल 9 वर्गमीटर से कम तथा 25 वर्गमीटर से अधिक नहीं होना चाहिए और अग्निशमन वाहन के पहुंचने योग्य होना आवश्यक है।
प्रस्तावित स्थल अन्य विस्फोटक, ज्वलनशील अथवा खतरनाक सामग्री के भंडारण वाले परिसरों से न्यूनतम 15 मीटर की दूरी पर होना चाहिए। ग्राम पंचायत क्षेत्र में आने वाले स्थल के लिए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी का अनापत्ति प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा।
जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा प्राप्त आवेदनों को संबंधित नगर निकाय/ग्राम पंचायत को नियमानुसार भेजा जाएगा। चिन्हित सुरक्षित खुले स्थानों पर दुकानों के लिए प्राप्त आवेदनों की सूची 15 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार जांच एवं निर्धारित शुल्क जमा कराने के पश्चात पात्र आवेदकों को ग्रीन आतिशबाजी के अस्थाई अनुज्ञा-पत्र जारी किए जाएंगे।




