PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के पास डेरना गांव में गुरुवार रात हुई बारिश के बाद बिजली लाइन में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने रोष जताया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, रात में बारिश के बाद बिजली के तारों में करंट आ गया था। लीलाराम पुत्र बनाजी भील की दो गायें इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलनेपर विभाग ने उस इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी। शुक्रवार सुबह अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू कराया।
बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी तीन बार करंट आने की ऐसी घटनाएं हो चुकी थीं। इसकी सूचना भी विभाग को दी गई थी, लेकिन समय पर जरूरी कार्रवाई नहीं होने से यह घटना हुई। ग्रामीणों ने अपने पशुओं और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की।
जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता विपुल और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने लाइन का निरीक्षण किया और खराब इंसुलेटर सहित अन्य तकनीकी कमियों को ठीक करने का काम शुरू किया। अधिकारियों ने लाइन को सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी मरम्मत करने की बात कही है।

