PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव और युवा शक्ति कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत- मेवाड़ा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों पर मंथन गांव-गांव संपर्क बढ़ाने का आह्वान
तखतगढ 12 सितम्बर (खीमाराम मेवाडे) आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार काे ग्राम धणा स्थित चामुंडा माता मंदिर के राजपूत सभा भवन में कांग्रेस के छत्तीस कौम के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ आगामी पंचायती राज चुनाव में संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा मुख्य अतिथि रहे, जबकि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह जोधा ने अध्यक्षता की। समाराेह में वक्ताओ ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव का लाभ लेते हुए युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को भी संगठन से जोड़ने की जरूरत है। आगामी पंचायती राज चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी- ढाणी तक संपर्क मजबूत करने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठों के अनुभव से संगठन को मिलेगी मजबूती
मुख्य अतिथि हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सभी समाजों के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना जरूरी है। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक संगठन को मजबूती देने में भूमिका निभाई है। उनके अनुभव व मार्गदर्शन और युवा शक्ति से आगामी चुनाव में संगठन को नई दिशा मिल सकती है। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी हित में काम करने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व प्रधान सुमेर सिंह राणावत, शोभा सोलंकी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ललकार सिंह राणावत, गुलाब सिंह गिरवर, अमृत चौधरी, एडवोकेट तरुण त्रिवेदी, मांगीलाल राजपुरोहित, लक्ष्मण मेघवाल, पेमाराम मीणा, संगीत सिंह, भूराराम देवासी, पुखराज घांची, हनुवंतसिंह खिवांदी, रतन हीरागर, एडवोकेट श्रवण, भंवर राजपुरा, अर्जुन देवासी, आनंद सिंह, भेराराम देवासी, किशन सिंह बीरामी, तगाराम मीणा, कालूराम गर्ग, अवनीन्द्र त्रिपाठी सहित छत्तीस कौम के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एकजुट होकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेें
समारोह के आयोजक महावीर सिंह जोधा कोसेलाव और प्रेरक लक्ष्मण मेघवाल खिमाड़ा रहे। आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अनुभव को संगठन की आगामी गतिविधियों में उपयोग करने का प्रयास है। प्रेरक मेघवाल ने हर हाल में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर एकजुट होकर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
पंचायती राज चुनाव के लिए गांवों में सक्रियता बढ़ाने पर जोर
ब्लाॅक अध्यक्ष पावा ने बताया कि कार्यक्रम में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होने की बात कही गई। गांवों में आमजन से संवाद बढ़ाने, पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्हाेंने कहा कि पंचायत चुनाव में मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार बनेगा। इसके लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं और नए चेहरों को भी जिम्मेदारियां देकर संगठन से जोड़ना होगा।



