PALI SIROHI ONLINE
वीरवाड़ा-वीरवाड़ा गांव में शनिवार तड़के करीब चार बजे शमशान घाट वाली गली में मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के आबादी वाले इलाके में आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
अलसुबह गली में मगरमच्छ के नजर आने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी, जिसके बाद वन विभाग पिंडवाड़ा की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।रेस्क्यू टीम में जगदीश सिंह और पप्पाराम जी शामिल थे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। काफी कोशिश के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान समाजसेवी मानवेंद्र सिंह देवड़ा ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में मदद की।
मगरमच्छ के आबादी क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में काफी देर तक डर का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को उनके तुरंत रेस्क्यू के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने क्षेत्र में वन्यजीवों की हलचल को देखते हुए सभी से सतर्क रहने की मांग भी की।

