PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर जिले के शेरगढ़ इलाके में बीती रात भृंगरा मेगा हाईवे पर बोलेरो कैंपर ने तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे पैदल रामदेवरा जा रहे थे। रात 10 बजे तेना-नाथासर गांव से पांच श्रद्धालु पैदल रवाना हुए थे।
हादसे में नाथासर निवासी महेश पुत्र चंद्राराम, अंबाराम पुत्र कुंभाराम और भानाराम पुत्र अनोपाराम की मौत हुई है।फिलहाल परिजनों ने तीनों के शव नहीं लिए हैं। परिजन और ग्रामीण शेरगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी और थाने के बाहर जुटे हैं।
पुलिस ने तीनों श्रद्धालुओं के शव शेरगढ़ अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाएं हैं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जिससे मॉर्चुरी के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल ने बताया कि बीती रात भृंगरा मेगा हाईवे पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिस पर वे खुद, एएसआई रूगाराम और अन्य पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय निवासी बिशन सिंह ने हादसे में घायलों को शेरगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
बाबा रामदेव के दर्शन करने जा रहे थे
थानाधिकारी ने बताया कि तेना-नाथासर गांव से पांच जातरू बीती रात करीब 10 बजे बाबा रामदेव के दर्शन के लिए पैदल रवाना हुए थे। मेगा हाईवे पर पहुंचते ही एक अनियंत्रित बोलेरो कैंपर गाड़ी ने तीन श्रद्धालुओं को चपेट में ले लिया। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है, वहीं घटना की जांच शुरू कर दी है।


