PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर जिले में बारिश की कमी से फसलों को नुकसान हुआ है। जिसके बाद हुए अकाल जैसे हालात को लेकर किसानों ने बुधवार को भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में रैली निकालकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने जालोर जिले को अकाल प्रभावित क्षेत्र घोषित करने, खराब फसलों की शीघ्र गिरदावरी करवाने और कृषि आदान-अनुदान और फसल बीमा राशि जारी करने की मांग की है।
किसान प्रतिनिधियों की मौजूदगी की मांग
किसानों ने बताया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से जिले के कई गांवों में फसलें पूरी तरह सूख गई हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने फसल कटाई प्रयोग जल्द करवाने और इस दौरान किसान प्रतिनिधियों को मौजूद रखने की मांग की, ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके और किसानों को समय पर बीमा राशि मिल पाए।
किसान सम्मान निधि राशी जमा कराने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अकाल की स्थिति में पशुओं के लिए चारे और पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में चारा डिपो खोलने और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने की मांग रखी। साथ ही गांवों में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था और नर्मदा परियोजना से नियमित जलापूर्ति करवाने की मांग की।
किसानों का कहना था कि अनियमित आपूर्ति के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है। उन्होंने किसान सम्मान निधि की लंबित राशि भी खातों में जमा करवाने की मांग उठाई है।
SDM ने कलेक्ट्रेट से बाहर आकर लिया ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर को मुख्य गेट पर बुलाने को लेकर किसानों और अधिकारियों के बीच कुछ देर बहस हुई। पुलिस अधिकारियों ने एडीएम और अन्य अधिकारी को ज्ञापन देने की बात कही, लेकिन किसान नहीं माने। इसके बाद जिला कलेक्टर खुद कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया।


