PALI SIROHI ONLINE
आहोर-जालोर जिले के आहोर क्षेत्र के शंखवाली गांव में मंगलवार रात अज्ञात जानवर के हमले से 54 भेड़ों की मौत हो गई। घटना पशुपालक नेमाराम रेबारी के बाड़े में हुई। शुरुआती तौर पर भेड़िए के हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हमलावर जानवर की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पशुपालक नेमाराम रेबारी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार रात अपनी भेड़ों को बाड़े में बंद किया था। देर रात कोई अज्ञात जानवर बाड़े में घुस गया और भेड़ों पर हमला कर दिया। बुधवार सुबह जब नेमाराम बाड़े में पहुंचे तो वहां 54 भेड़ें मृत मिलीं।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सरपंच पति खेतसिंह राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को घटना की सूचना देकर जांच की मांग की।
वन विभाग से जांच और मुआवजे की मांग
घटना के बाद पीड़ित पशुपालक और ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण चाहते हैं कि हमलावर जानवर की पहचान की जाए और पशुपालक को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि क्षेत्र में किसी जंगली जानवर की सक्रियता है तो उसकी पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे भविष्य में पशुधन और ग्रामीणों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा।

