
PALI SIROHI ONLINE
बाली-देसूरी और सादड़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 6 बजे से बारिश का दौर चला। बारिश के बाद तीन प्रमुख बांध ओवरफ्लो हो गए हैं। सादड़ी का राजपुरा बांध, जिसकी भराव क्षमता 22 फीट है, पूरी तरह भर गया है। यह बांध किसानों को सिंचाई के लिए 2 पाण पानी उपलब्ध कराता है।
देसूरी का सेलीनाल बांध भी ओवरफ्लो हो गया है। इस बांध की भराव क्षमता 20 फीट है। इसमें ग्वार मझेरा के सूरजकुंड से बहने वाली नदी से पानी आता है। सेलीनाल बांध तीन गांवों के लिए पेयजल का मुख्य स्रोत है। बांध के नीचे स्थित पीएचईडी के कुएं देसूरी, घाणेराव, नारलाई और आसपास के गांवों को पीने का पानी उपलब्ध कराते हैं।
गर्मी के मौसम में पेयजल की जरूरत को देखते हुए बांध में हर साल 8 फीट पानी आरक्षित रखा जाता है। इस बार पीएचईडी ने 10 फीट तक पानी आरक्षित करने की योजना बनाई है। सेलीनाल बांध का ओवरफ्लो करीब दो महीने तक चलता है। इससे सांरगवास, शोभावास, नारलाई, गुड़ा पृथ्वीराज, नाडोल, करणवा, ढालोप और पदमपुरा गांवों के कुएं रिचार्ज होते हैं।
बांधों के भरने से किसानों में खुशी का माहौल है। अब उन्हें रबी की फसल के लिए पर्याप्त सिंचाई पानी मिल सकेगा। नदी में करीब दो महीने तक पानी का बहाव जारी रहेगा, जिससे रबी फसलों की बुवाई तक बांध में पानी उपलब्ध रहेगा।


