PALI SIROHI ONLINE
जयपुर-राजस्थान के गांवों में LPG उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा में बदलाव किया गया है। घरेलू रसोई गैस की अगली बुकिंग के लिए निर्धारित अंतराल 20 दिन कम कर दिया है। अब ग्रामीण उपभोक्ता 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
मार्च में ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के कारण हुई गैस किल्लत के बाद मंत्रालय ने गांवों में सिलेंडर बुकिंग के लिए 45 दिन का राइडर लगाया था। अब इस बदलाव से नियमितरूप से LPG सिलेंडर की जरूरत वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल कंपनियों को दिए आदेश
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी आदेशों में तीनों प्रमुख तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) को अब शहरी गैस उपभोक्ताओं के साथ-साथ ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित करने के लिए कहा है। शहरी क्षेत्रों में पहले से 25 दिन का अंतर लागू था।
LPG सप्लाई में सुधार होने पर मंत्रालय ने की समीक्षा
युद्ध बंद होने के बाद LPG की सप्लाई की स्थिति में सुधार और लंबित बुकिंग ऑर्डर यानी बैकलॉग में काफी कमी आने के बाद मंत्रालय ने इस व्यवस्था की समीक्षा की है। इस निर्णय से खासकर उन परिवारों के लिए यह राहत महत्वपूर्ण होगी, जिनकी घरेलू LPG खपत ज्यादा है और 45 दिन का अंतर लंबा पड़ रहा था।
घरेलू सिलेंडर की कीमत 945.50 रुपए
घरेलू उपयोग के सिलेंडर की कीमतों में कंपनियों ने सितंबर महीने में कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। घरेलू सिलेंडर बाजार में 945.50 रुपए में ही मिल रहा है।जयपुर में कॉमर्शियल सिलेंडर ₹2775 में
कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम सितंबर में 10 रुपए बढ़ाए थे। नई रेट लिस्ट के मुताबिक- जयपुर में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 2765 रुपए के बजाए अब 2775 रुपए में मिल रहा है। इससे पहले अगस्त में कंपनियों ने 192 रुपए और जुलाई में 183.50 रुपए की कमी की थी।

