PALI SIROHI ONLINE
डूंगरपुर-डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 2 बुजुर्गों की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक 73 साल के बुजुर्ग को 4 दिन पहले उदयपुर के अस्पताल रेफर किया गया था। वहीं, दूसरा मरीज अभी भी अस्पताल के रामाश्रय वार्ड में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग दोनों मरीजों की हिस्ट्री जानने की कोशिश कर रहा है।
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती इन दोनों बुजुर्ग मरीजों की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट रविवार को आई। जयपुर वायरोलॉजी लैब से मिली रिपोर्ट में दोनों मरीज पॉजिटिव पाए गए। शहर की ब्रह्मस्थली कॉलोनी निवासी 59 साल के एक मरीज ने 1 सितंबर को डॉक्टर कांतिलाल मेघवाल को दिखाया था। उन्हें सर्दी, जुकाम, खांसी और तेज बुखार की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।
स्वाइन फ्लू के सैंपल जयपुर लैब भेजे गए थे
बिछीवाड़ा ब्लॉक के बोखला गांव के 73 साल के दूसरे बुजुर्ग को भी सर्दी, जुकाम, बुखार और अन्य परेशानियां थीं। दोनों मरीजों का आईसीयू में इलाज चल रहा था। उनके कोविड के साथ-साथ स्वाइन फ्लू के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए थे। स्वाइन फ्लू के सैंपल जयपुर लैब भेजे गए थे।
इसी बीच, बोखला के बुजुर्ग मरीज की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 2 सितंबर को उदयपुर रेफर कर दिया गया था। दोनों मरीजों की स्वाइन फ्लू सैंपल रिपोर्ट रविवार को आई, जिसमें दोनों पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। आईसीयू में भर्ती पॉजिटिव मरीज को रामाश्रय वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बोखला के मरीज का इलाज उदयपुर में ही चल रहा है।
डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र डामोर ने बताया कि भर्ती मरीज की हालत अभी ठीक है, लेकिन उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दूसरे मरीज को पहले ही उदयपुर रेफर कर दिया गया था।
