PALI SIROHI ONLINE
पाली | नगर निगम चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन हुए बवाल के बाद कांग्रेस डैमेज कंट्रोल में जुटी है। जिलाध्यक्ष शिशु पाल सिंह पर लगे 5-5 लाख रुपए में टिकट बेचने के आरोपों को खारिज करते हुए हकीम भाई को साथ बिठाकर सबकुछ ठीक होने का संकेत दिया। प्रेस कान्फ्रेंस कर आरओ और भाजपा पर निशाना साधा।
कांग्रेस प्रभारी हेमसिंह शेखावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैंने शहर अध्यक्ष हकीम भाई व कांग्रेस नेता प्रदीप हिंगड़ के साथ एसडीएम को दोपहर ढाई बजे पूरे 65 सिंबल सौंपे थे, लेकिन शाम को कार्यालय से फोन आता है कि आप के 63 सिंबल ही है। हैरत की बात तो यह है कि भाजपाइयों को कोई सपना आता है क्या कि हमने 63 सिंबल ही जमा करवाए हैं। बिना स्क्रूटनिंग के सिंबल गिनना गलत है।
आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में आरओ ने बिना स्क्रूटनी के ही फॉर्म गिनने शुरू कर दिए। शेखावत ने सवाल उठाया कि जब फॉर्म जमा किए गए, तब प्रशासन ने गिनती क्यों नहीं की? हमने आब्जेक्शन करते हुए कहा कि बिना स्क्रूटनी के आवेदन गिनती करते हो तो कांग्रेस कार्यकर्ता निगम के बाहर धरना देंगे। आरओ ने कहा गिनती कर लेते हैं। मैंने पूछा गिनती किस अधिकार और किस नियम से की। उन्होंने यह भी कहा कि हम वहां गए तो बीजेपी के लोग वहां पहले से मौजूद थे।


