PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले की पिंडवाड़ा तहसील में कमलेश मेटा कास्ट की प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में 12 गांवों के ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। यह फैसला रविवार देर शाम आयोजित एक सामूहिक बैठक में लिया गया।
ग्रामीणों ने घोषणा की है कि जब तक खनन परियोजना रद्द नहीं हो जाती, तब तक वे क्षेत्र में चुनाव नहीं होने देंगे। उन्होंने एकजुट होकर एकमुश्त चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है।
गांवों में नेताओं के प्रवेश का करेंगे विरोध
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि वे गांवों में नेताओं के प्रवेश का विरोध करेंगे। उनका कहना है कि कमलेश मेटा परियोजना निरस्त नहीं होने पर वे पंचायती राज के हर चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
इस मामले को लेकर ग्रामीण सोमवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात करेंगे। वे कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराएंगे और अब तक की जांच, प्रगति और समीक्षा रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।

