PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से भगत की कोठी (जोधपुर) के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर मारवाड़ी एवं विष्णु समाज के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को काकीनाडा लोकसभा सांसद तंगेला उदय श्रीनिवास से मुलाकात की। समाजबंधुओं ने सांसद द्वारा इस महत्वपूर्ण मांग को संसद में उठाए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।
सीधी रेल सुविधा शुरू करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि काकीनाडा औरआसपास के क्षेत्रों में राजस्थान एवं मारवाड़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में व्यापारी, प्रवासी परिवार और अन्य लोग रहते हैं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
समाज के पदाधिकारियों ने सांसद से आग्रह किया कि वे इस मांग को आगे भी प्रमुखता से उठाते रहें। उन्होंने रेल मंत्रालय एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष निरंतर प्रयास करने का अनुरोध किया, ताकि काकीनाडा और राजस्थान के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हो सके।
मुलाकात के दौरान, मारवाड़ी समाज एवं विष्णु समाज की ओर से सांसद तंगेला उदय श्रीनिवास को एक औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया। उन्हें 23 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली बाबा रामदेव जी की भव्य भजन संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विष्णु समाज अध्यक्ष जोताराम चौधरी, कांतिलाल चौधरी, भीम सिंह देवल, हनुमानराम चौधरी, भलाराम बोराणा, देवाराम चौधरी, सुरेश कुमार, युवराज बोराणा, रमेश कुमार, श्रवण कुमार, मदन चौधरी, मंगलाराम, सोनाराम, थानाराम चौधरी, मुकेश कुमार और गेनाराम देवासी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं गणमान्यनागरिक उपस्थित रहे।

