PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-पाली से लग्जरी बसों में गुजरात भेजा नकली पनीर: 450 रुपए MRP वाले पनीर को 240 रुपए में बेचा जा रहा था; 408 किलो जब्त
जोधपुर-राजस्थान से गुजरात नकली पनीर (एनालॉग पनीर) सप्लाई किया जा रहा है। मामले का खुलासा करते हुए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फूड विभाग ने दो लग्जरी बसों से 408 किलो प्रतिबंधित पनीर जब्त किया है।
अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) का दावा है कि इस पनीर को जोधपुर और पाली में तैयार किया गया है। 450 रुपए वाला एमआरपी वाले पनीर 240 रुपए प्रतिकिलो में बेचा जा रहा था, जिसे बचने के लिए दो लोग आए थे।
दो बसों में मारा था छापा, तब सामने आया मामला
AMC के फूड विभाग ने 21 अगस्त की सुबह अहमदाबाद के कांकरिया दड़की गार्डन के पास पार्किंग प्लॉट में दो लग्जरी बसों पर छापा मारा। इस दौरान 408 किलो लो फैट पनीर का जखीरा जब्त कर सीज किया गया।
240 प्रति किलो के भाव पर जखीरा खरीद रहे थे
म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के फूड विभाग के अधिकारी डॉ. तेजस शाह ने बताया- दूसरे राज्य से लग्जरी बसों के जरिए अहमदाबाद शहर में पनीर का जखीरा लाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर अरुणाचल प्रदेश के सिंबल वाली दो लग्जरी बसों की जांच की गई। इनमें लो फैट पनीर का जखीरा मिला। यह जखीरा नरोडा और मणिनगर क्षेत्र के दो लोग 240 रुपए प्रति किलो के भाव से खरीदने के लिए आए थे।
जोधपुर और पाली में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दावा
इस पनीर की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट राजस्थान के जोधपुर और पाली में होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में इस लो फैट एनालॉग पनीर को राजस्थान से लाए जाने की पूरी संभावना है।
फूड विभाग ने पनीर के जखीरे को सीज कर दिया है। जांच के लिए लैब भेजा है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, पनीर लाने वालों और इसे खरीदने वालों सभी की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


