PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
चुनाव जीतने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम –मकसूद अहमद
तखतगढ 12 अगस्त (खीमाराम मेवाडा) आगामी नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को आज दूसरे दिन नगर कांग्रेस कमेटी सुमेरपुर के तत्वावधान में पुराना पाली बस स्टैंड स्थित श्रीराम भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वार्ड संख्या 17 से 30 तक के कुल 14 वार्डों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद ने की। इस दौरान मंच पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीशंकर मेवाड़ा, सुमेर सिंह मनवार, नेपाल सिंह पावा और इब्राहिम सिलावट विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद ने चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नगर के सभी 35 वार्डों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और हर बूथ पर सक्रिय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि चुनाव जीतने के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होगी।
विधायक प्रत्याशी हरीशंकर मेवाड़ा, सुमेर सिंह मनवार, ब्लॉक अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा सहित जगदीश राजपुरोहित, हर्षद देवड़ा, चतराराम मेघवाल, जोगेंद्र सिंह पूनिया, संजय अग्रवाल आदि नेताओं ने एक सुर में कहा कि इस चुनाव में सिर्फ वही चेहरे मैदान में उतरेंगे जिनकी जनता के बीच पकड़ है, जो पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं और सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। बिकाऊ या गैर-जिम्मेदार प्रत्याशियों को किसी भी कीमत पर टिकट नहीं मिलेगा।
नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता वर्तमान में भाजपा के शासन से परेशान है। शहर में मूलभूत सुविधाओं जैसे पानी, सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं से जनता झूंझ रही है। इसी जनआक्रोश को मुद्दा बनाकर कांग्रेस इस चुनाव में उतरेगी।
सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आपसी मतभेद भुलाकर पूर्ण निष्ठा और एकजुटता के साथ काम करें। लक्ष्य सिर्फ एक है – पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना।
बैठक की शुरुआत में राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी की बहन श्रीमती पुष्पा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता धरमाराम मेघवाल के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में सरदार खान, महेश परिहार, कैलाश गोयल, खूबचंद खत्री, गोविंद राठौड़, मेहबूब कायमखानी, ललित परिहार, मानसिंह, आनंद चांवरिया, अनुराग मीणा, अल्केश परिहार, शैतान कुमार, मांगीलाल गर्ग, संजय बाफना, नरेंद्र कुमावत, अनुराग मीणा, अमृतलाल परमार, जगदीश राजगुरु, रमेश कुमार लोहार, कमलेश चौहान, हिम्मत गहलोत, सोहनलाल माली, अमरसिंह, गोविंद कुमावत, मुकेश भारती, उत्तम देवड़ा, प्रवीण सिंह भाटी, बंटी देवड़ा, शहजाद हुसैन, यशवंत भारद्वाज, गोविंद कुमार, भगवान लाल, केसाराम मीणा और दिलावर खां सहित दर्जनों स्थानीय कार्यकर्ता शामिल थे।
बैठक का संचालन जिला महासचिव जाफर सिलावट ने किया। अंत में संगठन महासचिव संतोक सिंह सोलंकी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।


