PALI SIROHI ONLINE
बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा रानी, महिलाओं ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा
नगराज वैष्णव
रानी। मिठेश्वर महादेव महिला मंडल की ओर से बुधवार को मिठेश्वर महादेव मंदिर से राणेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सज-धजकर नए वस्त्र पहनकर शामिल हुईं।
महिलाओं ने मिठेश्वर महादेव मंदिर परिसर में काकू द्वारा लगाए गए हैंडपंप से जल भरकर कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिलाएं नाचते-गाते और क्रमबद्ध रूप से “बम-बम भोले” तथा “ॐ नमः शिवाय” के जयकारे लगाते हुए रवाना हुईं।
कांवड़ यात्रा नगरपालिका, स्टेट बैंक, पुलिस थाना एवं मुख्य बाजार से होते हुए राणेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
राणेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद महिलाओं ने कांवड़ में लाए पवित्र जल से शिवलिंग का जलाभिषेक किया। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। मंदिर के पुजारी मनोज दवे द्वारा भी विधिवत जलाभिषेक कराया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

