PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में बरलूट थाना क्षेत्र के जावाल बस स्टैंड के पास गुरुवार देर शाम एक सवारी ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। इस घटना में ऑटो में सवार 7 लोग घायल हो गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पलटे हुए ऑटो को सीधा किया और सभी घायलों को बाहर निकाला। उन्हें निजी वाहनों की मदद से जावाल के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।जानकारी के अनुसार, ऑटो ड्राइवर मनोरा गांव से सवारियां लेकर जावाल आ रहा था। जावाल बस स्टैंड चौराहे के पास दुपहिया वाहन को बचाने की कोशिश में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में कमलेश कुमार, बबली देवी, बदरी देवी, पार्वती देवी, पूनकी देवी, बसंती देवी और शंकु देवी शामिल हैं।
इनमें से कमलेश कुमार और बसंती देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जावाल चौकी प्रभारी गिरधरसिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की और क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाया।


