PALI SIROHI ONLINE
रोहिडा-भुला गांव के जंगल में गुरुवार सुबह एक 8 वर्षीय बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर थानाधिकारी ओमकरण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रोहिड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भीमाराम (8) पुत्रलाडूराम गमेती, निवासी भोजानाडी (भुला) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ओमकरण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
शाम को खेलने गया, रातभर तलाश करते रहे परिजन प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के पिता लाडूराम गमेती ने बताया कि बुधवारशाम मजदूरी से घर लौटने पर भीमाराम घर पर नहीं मिला। परिवार ने बताया कि वह खेलने गया है और लौट आएगा, लेकिन रात 8 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की। अंधेरा होने के कारण जंगल में खोजबीन नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह जंगल में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान भीमाराम के रूप में हुई।


