PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर शहर के सिरे मंदिर रोड पर गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में स्टूडेंट की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य युवक भी घायल हुए। सभी घायलों को राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सरदारगढ़ खेड़ा निवासी मुकेश कुमार(18) पुत्र जोधाराम चौधरी गुरुवार शाम स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सिरे मंदिर रोड पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक घायल हो गए।
हॉस्पिटल में छात्र को मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जालोर के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल भरत माली, शेरनाथ और राजवीर का प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद तीनों को हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिवार का इकलौता बेटा था मुकेश
परिजनों ने बताया कि मुकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह पढ़ाई में भी होनहार था और जालोर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था।पिछले साल उसने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है।


