PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के एक निजी दवाखाने में उपचार के दौरान एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही बरतने और बिना किसी आवश्यक जांच के सीधे इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। बुजुर्ग की मौत से गुस्साए परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना चांदसी इलाके की बताई जा रही है, जहांइलाज के तुरंत बाद घर ले जाते समय बुजुर्ग ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बिना जांच के लगाया इंजेक्शन, रास्ते में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, केशरगंज (आबूरोड) निवासी सुनील कुमार पुत्र गणेशसिंह ने सिरोही महिला पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को उनके पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इस पर वे उन्हें चांदसी स्थित एक निजी दवाखाने में उपचार के लिए लेकर गए थे।
परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ललित विश्वास ने मरीज की स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया और बिना किसी आवश्यक जांच या टेस्ट के सीधे उन्हें एक इंजेक्शन लगा दिया।
शिकायत करने पहुंचे तो क्लीनिक से गायब मिला डॉक्टर
शिकायत में बताया गया है कि इंजेक्शन लगाने के बाद जब परिजन बुजुर्ग को घर ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही उनकी तबीयत और बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत से घबराए परिजन जब दोबारा शिकायत करने और पूछताछ करने के लिए दवाखाने पहुंचे, तो आरोपी चिकित्सक ललित विश्वास वहां मौजूद नहीं था और क्लीनिक से गायब मिला।परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपी चिकित्सक और संबंधित मेडिकल टीम के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें दंडित करने का अनुरोध किया है।
इधर, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

