
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही।सिरोही में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर मीसा बंदियों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 3 जुलाई को सरजावाव मैदान में होगा। भाजपा प्रदेश संगठन के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिरोही नगर मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष चिराग रावल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर संयोजक हरीश दवे ने मीसा बंदी सम्मान समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण ओझा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोपाल माली ने भी बैठक को संबोधित किया।
कार्यक्रम 23 जून से 6 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान हर बूथ और शक्ति केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में बूथ अध्यक्षों और पार्षदों को निर्देश दिए गए कि वे कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम से जोड़ें। साथ ही कमजोर बूथों का पुनर्गठन भी किया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने 50 साल पहले के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र और संविधान की अवहेलना की। संघ और जनसंघ के कार्यकर्ताओं को जेल में डाला गया। इस इतिहास से आम जनता को अवगत कराना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है।
संगठन की बैठकों पार्षदों व बूथ अध्यक्षों को हिस्सा लेना चाहिए। आपातकाल के खिलाफ सिरोही जिले की जनता व जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन किए व अनेक लोगों को मिसा बंदी व डीआईआर कानून के तहत यातना झेली थी। उनका सम्मान किया जाएगा। इसके लिए हर वार्ड के बूथ प्रमुख अपने अपने वार्डों से कार्यकर्ताओं की सहभागिता दर्ज करवाएंगे।
3 जुलाई के आपातकाल काला दिवस के 50 वर्ष पूरे होने की क्रूर दास्तान आम जन तक पहुंचाने के साथ हम मिसा बंदियों का सम्मान करने जा रहे हैं। उसमें सभी मोर्चा प्रकोष्ठ इस आयोजन को सफल बनाने में जिम्मेदारी से जुट जाएं। कार्यक्रम को लेकर आगामी 29 जून को डाक बंगला में बड़ी बैठक भी रखी गई है। मंच संचालन नगर महामंत्री कैलाश मेघवाल ने किया।
नगर मीडिया प्रभारी अमृत सुथार ने बताया कि बैठक में आयोजन को सफल बनाने को लेकर भाजपा उपाध्यक्ष मानक चंद सोनी, मदन सैन, नारायण माली, कल्पना पुरोहित, गोविंद सेनी, नगर मंत्री गोविंद माली, पूजा भायल, इंदर सिंह मकवाना, शिवलाल जीनगर, शैतान सिंह परमार, सुनील गुप्ता, ललित प्रजापत, इरशाद खान, चुनीलाल पटेल, हरिकिशन रावल, लुंबाराम राणा, पार्षद परवीन राठौड़, मगन मीणा, मणि देवी माली सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।