
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर समेत प्रदेश भर में मानसून सक्रिय है। इसके प्रभाव से जालोर शहर समेत जिले भर में गुरुवार रात करीब 9 बजे जमकर बारिश हुई। इससे शहर की कई कॉलोनियां में पानी भर गया। वहीं मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तक जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आज भी कई जगह बारिश की संभावना जताई है।
बता दें कि जालोर में तीन दिन (सोमवार से बुधवार) बारिश नहीं हुई थी। ऐसे में उमस व गर्मी ने हाल बेहाल कर रखा था। गुरुवार की रात 9 बजे करीब 1 घंटे तक जिले में जमकर बारिश हुई। जिले में औसत 33 एमएम बारिश दर्ज हुई। जिससे रात में मौसम ठंडा हो गया और गर्मी से राहत मिली।
जालोर जिला मुख्यालय पर रात में 39 एमएम बारिश होने से शहर के हनुमान नगर, बागोड़ा रोड़, रोडवेज बस स्टेण्ड व शिवाजी नगर सहित कई कॉलोनियों में पानी भर गया। बारिश रुकने के बाद करीब 3 घंटे बाद भी खाली नहीं हो सका।
जिले में सबसे अधिक बारिश सांचौर में 68, भीनमाल व बागोड़ा में 60-60 एमएम बारिश हुई है और सबसे कम बारिश भाद्राजून में 4 एमएम हुई। जिले में जसवंतपुरा व रानीवाड़ा में बारिश नहीं होने से उमस बनी हुई है।
दिन के तापमान में 3.2 डिग्री हुई बढ़ोतरी
जालोर में पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में 3.2 डिग्री बढ़ोतरी होकर 37.2 व रात के तापमान में 0.5 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 28.2 डिग्री दर्ज किया गया हैं। बुधवार को दिन का तापमान 34 व रात का तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना होने से तापमान में फिर गिरावट होने की संभावना जताई है।
जालोर में तीन दिन बारिश का येलो अलर्ट जारी
मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि जालोर जिले में आगामी तीन दिन तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया हैं। 27 से 30 जून तक जालोर समेत प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया हैं। जिससे जिले के कई भागों में हल्की तो कई तेज बारिश होने की संभावना हैं।


