PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी ने बुधवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झेरडा-मण्डार-रेवदर-सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 पर फोरलेन निर्माण को लेकर एक पत्र सौंपा।
सांसद चौधरी ने अपने पत्र में बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र जालोर-सिरोही में स्थित इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन निर्माण के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) बनाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा निविदा आमंत्रित कीगई थी। सड़क परिवहन मंत्रालय ने 132.31 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है, जिसके बाद संवेदक को 23 अप्रैल 2025 को डीपीआर बनाने का कार्यादेश जारी किया गया है।
सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि इस सड़क मार्ग पर कांडला पोर्ट से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। दिन के समय मुख्य बाजारों में सड़क पार करना मुश्किल हो गया है। अत्यधिक यातायात दबाव के कारण दुर्घटनाएं और जनहानि हो रही है।
चौधरी ने यातायात के भारी दबाव को देखते हुए अनुरोध किया कि विभागीय कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने मांग की कि झेरडा-मण्डार-रेवदर-सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग-168 पर फोरलेन निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।


