PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली शहर और नेशनल हाईवे पर घूम रहे बेसहारा नंदी गौवंश के कारण होने वाले सड़क हादसों और जनहानि पर जिला प्रशासन ने रोक लगाने का फैसला किया है।
जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय गोपालन समिति की बैठक में निर्माणाधीन दो नंदीशालाओं में सड़क पर घूम रहे नंदियों को स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार पंवारने बताया कि राज्य सरकार की नंदीशाला योजना के तहत पंचायत समिति स्तर पर शनिधाम नंदीशाला, हरिपुर (रायपुर) और पिंजरापोल गौशाला, खातीखेड़ा (पाली) में 1.57 करोड़ रुपए की लागत से दो नंदीशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दोनों नंदीशालाओं में छाया, पानी और चारे जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तरीय गोपालन समिति ने यहां बेसहारा नंदियों को स्थानांतरित करने की स्वीकृति दी है।
अब शहर और हाईवे पर घूमने वाले नंदी गौवंश को चरणबद्ध तरीके से इन नंदीशालाओं में भेजा जाएगा। हर नंदीशाला में न्यूनतम 250 नंदियों को स्थानांतरित किए जाने के बाद अनुदान संबंधी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।


