
PALI SIROHI ONLINE
जय नारायन सिंह
देसूरी बस स्टैंड पर हादसा:जीप की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, कूलदेवी के दर्शन कर लौट रही थी घर
देसूरी में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 72 वर्षीय सिंगा देवी की मौत हो गई। सोजत सिटी के बड़ा गुड़ा की रहने वाली सिंगा देवी शुक्रवार को चारभुजा कूलदेवी के दर्शन के बाद घर लौट रही थीं।
देसूरी राठेलाव चौराहे के पास सड़क मार्ग पर बस का इंतजार कर रही सिंगा देवी को एक जीप ने पीछे लेते समय टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें देसूरी अस्पताल ले जाया गया।
देसूरी अस्पताल से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पाली के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों की मौजूदगी में बांगड़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
देसूरी थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



