सांचौर में शिक्षक पर दहेज उत्पीड़न का आरोप:पत्नी ने थाने में मामला दर्ज कराया, कार्रवाई की मांग
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर में एक शिक्षक पर उनकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पत्नी ने सांचौर थाने में पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
युवती ने बताया- आठ महीने पहले इंस्टाग्राम पर इस युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। कुछ ही दिनों में उन्होंने शादी करने का फैसला किया और 4 नवंबर 2025 को आर्य समाज मंदिर में दोनों ने शादी कर ली।
शादी के एक महीने बाद ही उसके पति, सास और ससुर ने दहेज की मांग शुरू कर दी। ससुराल पक्ष ने एक लाख रुपए और एक कार की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और किराए का मकान खाली करने पर मजबूर कर दिया गया।
युवती ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, जिसके कारण वह दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थ है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवरात छीन लिए गए और उसे जान से मारने की धमकी दी गई है।
सांचौर थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

