PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में आदिवासी विकास समिति ने नीट पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम ऑफिस पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।नीट परीक्षा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन में बताया- NEET जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास कमजोर किया है। इन घटनाओं से शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। समिति ने पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि यदि जांच में शिक्षा मंत्री या संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है, तो उन्हें नैतिक आधार पर पद से हटाकर कानूनी कार्रवाई की जाए। भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एक मजबूत और तकनीकी रूप से सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा कठोर कानून बनाने की भी मांग की गई।
टीचर के पद रिक्त होने का मामला भी उठाया
इसके अलावा, ज्ञापन में आदिवासी बाहुल्य भाखर क्षेत्र में 24 शिक्षकों के पद रिक्त होने का मुद्दा उठाया गया। समिति ने क्षेत्र के प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने की आवश्यकता पर जोर दिया।

