PALI SIROHI ONLINE
सोजत-शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब चोरों ने धार्मिक स्थल को भी निशाना बनाया है। धानमंडी क्षेत्र स्थित मुणोतों के बास के प्राचीन नागणेची माता मंदिर से अज्ञात चोर माता की प्रतिमा पर सुशोभित करीब 300 ग्राम चांदी का कंदोरा चोरी कर ले गए। चोरी गए कंदोरे की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई जा रही है।
बुधवार सुबह मंदिर के पुजारी राजेंद्र कुमार नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो माता की प्रतिमा पर कंदोरा गायब मिला। उन्होंने तुरंत मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मंदिर समिति के सदस्य पुष्पतराज मुणोत ने बताया कि मंगलवार तक कंदोरा प्रतिमा पर सुरक्षित था। मंदिर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलता है। इस दौरान मुख्य द्वार पर ताला लगा रहता है और श्रद्धालु स्टील पाइपों के बीच बनी जगह से दर्शन करते हैं।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्टील पाइपों के बीच से सरिया या लोहे के तार जैसी लंबी वस्तु अंदर डालकर बड़ी चालाकी से प्रतिमा पर पहना कंदोरा निकाल लिया। घटना के तरीके को देखते हुए माना जा रहा है कि आरोपी ने पहले मंदिर की व्यवस्था की रेकी की थी।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर संपतराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर समिति की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवीकी फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर में चोरी की घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना है स्वाभाविक है। नागरिकों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने और मंदिरों सहित संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा स व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


