PALI SIROHI ONLINE
वरावल में चोरी का प्रयास विफल, ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया
बाली। बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र के वरावल गांव में शनिवार देर रात चोरी का प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता से विफल हो गया। जानकारी के अनुसार देर रात करीब 2 बजे दो युवक जगवीर सिंह सोलंकी के मकान का ताला तोड़कर चोरी की नीयत से घर में घुस गए। आहट होने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें नाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नाना थानाधिकारी रतन सिंह देवड़ा, सहायक थानाधिकारी आशाराम विश्नोई तथा बेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी तेज सिंह जोधा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय उनके साथ दो अन्य साथी भी थे या नहीं। साथ ही आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल नाना पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


