PALI SIROHI ONLINE
फालना-फालना-साण्डेराव रोड स्थित सैलो कंपनी में सुबह 8 बजे से मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने मजदूरों से बातचीत की, लेकिन दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने पर मजदूर फिर से धरने पर बैठ गए।
वार्ता में शामिल रहे ये प्रतिनिधि
दोपहर करीब 3 बजे सैलो कंपनी की ओर से गठित प्रतिनिधिमंडल में जीतेंद्र यादव (प्लांट हेड), शंभू सिंह, माथुर,देवराज और ठेकेदार गजेंद्र सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मजदूरों से बातचीत कर उनकी मांगों को समझने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
सुबह से बंद है काम, महिला-पुरुष मजदूर शामिल
कंपनी के बाहर मजदूरों का धरना-प्रदर्शन सुबह 8 बजे से शुरू हुआ था। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मजदूर काम का बहिष्कार कर विरोध जता रहे हैं। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे धरना जारी रखेंगे।
8 घंटे ड्यूटी, वेतन बढ़ोतरी सहित ये हैं प्रमुख मांगें
मजदूरों की प्रमुख मांगों में 8 घंटे की ड्यूटी, वेतन 540 रुपए से बढ़ाकर 700 रुपए करना, 26 की जगह 30 कार्यदिवस और हर महीने की 7 तारीख तक वेतन के भुगतान की मांग शामिल है।
दोगुना ओवरटाइम और दुर्घटना मुआवजे की भी मांग
मजदूरों ने नियमित समय के बाद काम करने पर दोगुना ओवरटाइम भुगतान (एक घंटे के लिए 100 रुपए) की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि FTC कर्मचारियों के साथ दुर्घटना होने पर कंपनी मुआवजा दे, जबकि ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए ठेकेदार मुआवजा दे।
समान वेतन, सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था की मांगमजदूरों ने महिला और पुरुष कर्मचारियों के लिए समान वेतन, सुरक्षा की जिम्मेदारी कंपनी की तय करने, आने-जाने की व्यवस्था और कंपनी द्वारा जबरन दी जा रही चार दिन की छुट्टी को समाप्त करने की मांग की है। मजदूरों का कहना है कि काम के दौरान किसी भी घटना की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होनी चाहिए।

