PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-अजमेर मंडल के 17 रेलवे स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट जारी करने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 53 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) फैसिलिटेटर नियुक्त किए जाएंगे। इसके लिए रेलवे प्रशासन ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और सामान्य जनता से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि विभिन्न स्टेशनों पर फैसिलिटेटर के पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें -अजमेर जंक्शन पर 7, उदयपुर में 6, भीलवाड़ा में 6, आबू रोड में 6, पिंडवाड़ा में 4, मारवाड़ जंक्शन में 3, जवाई बांध में 3, मावली में 2, रानी में 2, डूंगरपुर में 2, राणाप्रताप नगर में 2, मदार में 2, सोमेसर में 2, कपासन में 2, फतेहनगर में 2, फालना में 1 और ब्यावर में 1 पद शामिल हैं।
दो साल का अनुबंध, कमीशन आधारित व्यवस्था
यह नियुक्तियां पूरी तरह अनुबंध के आधार पर दो वर्ष के लिए होंगी, जिसे आवश्यकता अनुसार एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। चयनित फैसिलिटेटरों को रेलवे की ओर से कोई निश्चित वेतन नहीं दिया जाएगा, बल्कि टिकट बिक्री पर 3% कमीशन प्रदान किया जाएगा।
तीन श्रेणियों में होगा चयन
चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया गया है –
पहले सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी, दूसरे उनके नामित जीवनसाथी या वयस्क संतान और तीसरे सामान्य नागरिक।
यदि किसी स्टेशन पर निर्धारित पदों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो चयन प्रक्रिया लॉटरी (ड्रॉ ऑफ लॉट्स) के माध्यम से पारदर्शी तरीके से की जाएगी।
सुरक्षा राशि और पात्रता शर्तें
सामान्य आवेदकों को एनएसजी-1 और एनएसजी-2 श्रेणीके स्टेशनों (अजमेर व उदयपुर) के लिए 50 हजार रुपये तथा अन्य स्टेशनों के लिए 25 हजार रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि (एफडीआर के रूप में) जमा करनी होगी।
आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक को संबंधित जिले का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या समकक्ष तथा हिंदी और अंग्रेजी भाषा का ज्ञान आवश्यक होगा।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन उपलब्ध
आवेदन पत्र और विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.nwr.indianrailways.gov.in पर आज उपलब्ध कराई गई। इच्छुक अभ्यर्थी वहीं से आवेदन कर सकते हैं।


