PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल के रामसीन रोड स्थित रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के स्टील गर्डर लॉन्चिंग कार्य के कारण 3 जुलाई से अगले सात दिनों तक यातायात डायवर्ट रहेगा। यह मार्ग रामसीन-भीनमाल-रानीवाड़ा एसएच-31 का हिस्सा है।
पूरी तरह से बंद रहेगा फाटक
प्राधिकरण के अनुसार, ओवरब्रिज निर्माण के तहत रेलवे लाइन पर 8 कम्पोजिट स्टील गर्डरों की लॉन्चिंग की जाएगी। इस कार्य के लिए आवश्यक क्रेन, मशीनरी और तकनीकी टीमकार्यस्थल पर पहुंच चुकी है। सुरक्षा कारणों से रेलवे फाटक को पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
इस अवधि में सभी छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन खेमा बाबा होटल (72 जिनालय) से होते हुए जसवंतपुरा रोड और जसवंतपुरा रेलवे फाटक के रास्ते पुनः एसएच-31 पर कराया जाएगा। यह वैकल्पिक मार्ग अगले सात दिनों तक प्रभावी रहेगा।
वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील
राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण ने प्रशासन से डायवर्जन मार्ग पर सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। प्राधिकरण ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।

