PALI SIROHI ONLINE
जालोर। जालोर में ट्रक और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला पहिया टूटकर पूरी तरह अलग हो गया। अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल युवक का जालोर के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना सामतीपुरा रोड स्थित नर्मदा बिजली घर के पास गुरुवार को हुई।
रेवत गांव का रहने वाला है घायल युवक
जानकारी के अनुसार रेवत गांव निवासी नरेश कुमार (22) पुत्र दिनेश कुमार मेघवाल अपनी बाइक से सामतीपुरा की ओर से जालोर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल नरेश को निजी वाहन से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

