PALI SIROHI ONLINE
डूंगरपुर-डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मांडवा में रविवार को तालाब में डूबने से 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई। दोनों बकरियां चराने के लिए गई थीं और तालाब में नहाने उतर गई थीं।
पुलिस के अनुसार यह घटना मांडवा में काली बाई पैनोरमा के सामने स्थित तालाब पर हुई। गर्मी अधिक होने के कारण दोनों बहनें तालाब के एक गड्ढे में भरे पानी में नहाने के लिए उतरी थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में डूब गईं।दोनों चचेरी बहनें थी
मृतक बच्चियों की पहचान मांडवा निवासी 12 वर्षीय उषा कोटेड के रूप में हुई है, जो 8वीं कक्षा में पढ़ती थी। दूसरी बच्ची 12 वर्षीय नयना कोटेड पुत्री दशरथ कोटेड थी, जो 7वीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों चचेरी बहनें थीं।
घटना को देखकर गांव का एक युवक दौड़कर मौके पर पहुंचा और दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला। गांव के अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए और तत्काल दोनों को डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

