PALI SIROHI ONLINE
वरावल स्कूल को मिला खेल मैदान, लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी
बाली। पाली जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने बाली उपखंड के वरावल गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के लिए खेल मैदान आवंटित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह स्वीकृति बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत की अनुशंसा पर प्रदान की गई है। इस निर्णय से विद्यालय के विद्यार्थियों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
भाजपा मंडल बेड़ा अध्यक्ष श्रवण सिंह वरावल ने बताया कि गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में खेल मैदान की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं था। ग्रामीणों, अभिभावकों और युवाओं द्वारा लंबे समय से विद्यालय के लिए खेल मैदान आवंटित करने की मांग की जा रही थी। विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के समक्ष अनुशंसा की, जिसके बाद जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने खेल मैदान आवंटन को मंजूरी प्रदान की।
भाजपा मंडल बेड़ा अध्यक्ष श्रवण सिंह वरावल का कहना है कि खेल मैदान उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को खेलकूद गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। विद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकेगा और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
खेल मैदान आवंटन की घोषणा के बाद गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और युवाओं ने इस मांग को पूरा करने पर बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, पाली जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, बाली अतिरिक्त जिला कलेक्टर सेलेन्द्र सिंह, उपखंड अधिकारी दिनेश विश्नोई, तहसीलदार जितेंद्र सिंह राठौड़, विकास अधिकारी भोपाल सिंह जोधा, भाजपा मंडल बेड़ा अध्यक्ष श्रवण सिंह वरावल व सरपंच रंबा देवी करण देवासी,भू-अभिलेख निरीक्षक कमल सिंह राठौड़, मोतीलाल तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक भरत कुमार दवे सहित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि खेल मैदान की सुविधा मिलने से विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।


