PALI SIROHI ONLINE
वीरवाड़ा -वीरवाड़ा में खेत पर सो रहे एक किसान पर अज्ञात चोरों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बीती रात वीरवाड़ा के एक कृषि कुएं पर हुई। इस हमले के बाद से इलाके के ग्रामीणों में आक्रोश है।
वीरवाड़ा निवासी किसान पेमाराम माली प्रतिदिन की तरह बीती शाम लगभग 9 बजे अपने घर से खाना खाकर खेत पर फसलों और उपकरणों की रखवाली के लिए गए थे। खेत पर पहुँचने के बाद वे अपनी खाट पर सो गए।रात करीब 10 बजे कुछ अज्ञात चोर चोरी के इरादे से खेत में घुसे। चोरों ने सो रहे पेमाराम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पेमाराम गंभीर रूप से घायल हो गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे।
पेमाराम की चीख सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद अन्य किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों को आता देख चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पड़ोसी किसानों ने घायल पेमाराम को तुरंत ट्रैक्टर से सरकारी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
यह घटना सुबह तक पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद अस्पताल और गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में चोरी और हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और गश्त नहीं बढ़ाई गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।


