• March 20, 2026

वेलार में मामाजी मन्दिर प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर निकली रथ यात्रा

PALI SIROHI ONLINE

बाली  वेलार ग्राम में श्री घोनारी वीर मामाजी मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शुक्रवार को भव्य एवं आकर्षक रथ यात्रा का आयोजन किया गया। रथ यात्रा में सजे-धजे रथ में विराजित मामाजी की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली, जहां जगह-जगह ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर आरती उतारकर भक्तों ने मंगल कामनाएं की।

पूर्व सरपंच थानाराम प्रजापत,वेलार विकास संघ के अध्यक्ष कान सिंह वेलार, समाज सेवी अंकित सिंह व गोविंद रावल ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत 20 मार्च 2026 को रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्ति प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही 21 मार्च को मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इस पूरे आयोजन को लेकर वेलार सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।

You cannot copy content of this page