PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में किराए के कमरे में युवक का शव मिला। युवक टेलीकॉम कंपनी में कर्मचारी था। उसने 15 दिन पहले ही कमरा किराए पर लिया था। कमरा कुछ दिन से बंद था। बदबू आई तो पुलिस को सूचना देकर दरवाजा काटा गया। अंदर लाश थी। मामला जालोर के लालपोल इलाके का है।
एसआई शशिकला ने बताया- जालोर के लालपोल इलाके में मकान मालिक मोहनलाल पुत्र आखोराम माली की ओर से गुरुवार दोपहर 1 बजे सूचना दी गई कि उनके मकान में किराए से रहने वाले देवकुमार सिंह (25) के कमरे से बदबू आ रही है। कमरा अंदर से बंद है।
फर्श पर बिस्तर पर पड़ा था शव
सूचना पर दोपहर 1.30 बजे मौके पर पहुंचे। कमरे का गेट काट कर पुलिस अंदर पहुंची। कमरे में फर्श पर बिस्तर पर शव पड़ा था। शव 3-4 दिन का हो चुका था। पुलिस ने शव को जिला हॉस्पिटल जालोर की मॉच्र्युरी में रखवाया। मौके पर मिले दस्तावेज के आधार पर युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम कर शव सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे
जानकारी के अनुसार- देवकुमार सिंह पुत्र तेजसिंह सांचौर जिले के कारोला गांव में स्थित जवानजी की कोठड़ी का रहने वाला था। उसने 15 दिन पहले ही मोहनलाल माली में मकान में किराए पर कमरा लिया था। वह जालोर में टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत था।
माना जा रहा है कि बीमारी या अन्य कारण से युवक की मौत हो गई। मोहनलाल परिवार समेत मकान में पीछे की तरफ रहते हैं। आगे बने 4 कमरे किराए पर दे रखे हैं। गुरुवार को कमरे से बदबू आई तो आस-पास रहने वाले लोगों ने मोहनलाल को इसके बारे में बताया। उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को देवकुमार के रूम से सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।