PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-राजसमंद जिले में बन रहे कुंभलगढ़ टाइगर रिजर्व एरिया में उदयपुर जिले का वन क्षेत्र भी शामिल होगा। इससे उदयपुर जिले में पहली बार टाइगर की दहाड़ गूजेंगी। सायरा रेंज एरिया के 13 हजार 218 हेक्टेयर में से भानपुरा नाके की 7 वन खंड शामिल होंगे। यह एरिया 2100 हेक्टेयर है। यह नाका कुंभलगढ़ सेंचुरी की बोखाड़ा रेंज से सटा हुआ है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कुंभलगढ़ और रावली टॉडगढ़ सेंचुरी से सटे हुए वन खंड टाइगर रिजर्व में शामिल होंगे। अभी आचार संहिता के कारण यह प्रक्रिया अटकी हुई है। सायरा रेंज का एरिया टाइगर रिजर्व में शामिल होने से इससे सटे क्षेत्रों में टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
रणकपुर और कुंभलगढ़ किले के पास होने से सायरा रेंज नए पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होगा। सायरा में बन रही लवकुश वाटिका भी भानुपरा से करीब 3 किमी दूर है। इससे यहां भी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। वाटिका में पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटी तैयार की गई है।
सेंचुरी से सटे 7 वन खंड रिजर्व में जाएंगे, बफर जोन निर्धारित होगा
राजसमंद के डीएफओ सुदर्शन शर्मा ने बताया कि टाइगर रिजर्व में वन क्षेत्र ही शामिल होंगे। इसमें किसी गांव को शामिल नहीं किया जाएगा। सायरा रेंज के बोखाड़ा रेंज से सटा हुआ वन खंड के रिजर्व में शामिल होने की संभावना। इसमें कमेटी द्वारा कोर और बफर जोन निर्धारित किया जाएगा। इसके बाद ही एरिया तय होगा।
इन वन खंडों में वन्यजीवों के पहले से बने हैं कॉरिडोर गोगुंदा और सायरा रेंज का एरिया कुंभलगढ़ सेंचुरी से सटा हुआ है। पूर्व में भी कुंभलगढ़ सेंचुरी से भालू और तेंदुए को मूवमेंट करते हुए इन रेंज एरिया में देखा गया है। यह वन क्षेत्र वन्यजीवों के लिए पहले से कॉरिडोर बना हुआ है। इससे टाइगर के भी बफर जोन में मूवमेंट करने से इन एरिया में भी आने की संभावना है।
3 वाइल्ड लाइफ सेंचुरी पहले से हैं उदयपुर में, 1 जीप सफारी भी
जिले में सज्जनगढ़, जयसमंद और फुलवारी की नाल सहित तीन सेंचुरी पहले से है। जयसमंद सेंचुरी में पर्यटकों के लिए जीप सफारी का संचालन किया जाता है। सज्जनगढ़ सेंचुरी में किला और बायो पार्क मौजूद है। फुलवारी की नाल में इको टूरिज्म के तहत ट्रैकिंग और कैंपिंग करवाई जाती है।
सज्जनगढ़ सेंचुरी में भी टाइगर सफारी बनाने की योजना है। इसमें 25 हेक्टेयर एरिया के एनक्लोजर में जीप में बैठकर पर्यटक टाइगर को देख सकेंगे। वहीं जिले में पहली बार खुले में सायरा रेंज में टाइगर को देख सकेंगे।
यह भी पढे