PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एक मरीज ने दूसरे मरीज पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मरीज अर्धनग्न हालत में अपने बेड से उठकर पास के बेड पर लेटी युवती के पास पहुंचा और अचानक कैंची उठाकर हमला कर दिया।
हमले में युवती के सिर और छाती पर चोटें आईं है। घटना के वक्त वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। हॉस्पिटल स्टाफ दौड़कर पहुंचा और हमलावर को वहां से हटाया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
हॉस्पिटल में मरीज पर हमले की घटना हिरण मगरी थाना क्षेत्र के कनक हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह करीब 6:41 बजे हुई। सूचना पर हिरण मगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मरीज को हिरासत में ले लिया।
थानाधिकारी बोले- पीड़िता ने कार्रवाई नहीं करने की रिपोर्ट दी
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया- हमलावर नरेंद्र मीणा (65) निवासी खरबड़िया (उदयपुर) को हिरासत में लिया गया है। उसका पहले से हाथ टूटा हुआ था, जिसके कारण वह हॉस्पिटल में भर्ती हुआ था। आरोपी के डिस्चार्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घायल युवती पूजा मीणा निवासी मध्य प्रदेश का भी इलाज चल रहा है। उसने हमें कार्रवाई नहीं कराने को लेकर रिपोर्ट दी है। उसने ऐसा क्यों किया, यह पता नहीं है, लेकिन पुलिस ने संज्ञान लेते हुए इस पर कार्रवाई की है।
कारण पूछने पर आरोपी बोला- बस ऐसे ही हो गया कनक हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर अमित धींग ने बताया- हमले के बाद स्टाफ ने हमलावर से कारण पूछा, लेकिन वह कुछ स्पष्ट नहीं बता पाया। उसने सिर्फ इतना कहा कि बस ऐसे ही हो गया। दोनों मरीजों को अलग-अलग आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है।
हमलावर के परिजनों से उसकी हिस्ट्री पता की तो उन्होंने बताया कि उसने पहले कभी ऐसा नहीं किया था। डॉक्टर धींग ने कहा- हमलावर मानसिक रूप से ठीक है, लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने हमला कर दिया। इस घटना से हम सब हैरान हैं।

