PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की गोगुंदा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी कर जेसीबी मशीन हड़पकर हरियाणा में बेचने के 3 आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आसपुर थाना क्षेत्र के मलापा झरियाणा निवासी लोकेश उर्फ तोसिफ पुत्र भूरा कनिपा (22), संदेश पुत्र रूमालिया कनिपा (23) व खेरवाड़ा के जवास निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र करण सिंह राजपूत (29) को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी फरार है। फरार आरोपी के संबंध में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रार्थी प्यारेनाथ पुत्र पुष्करनाथ ने 11 नवंबर 2023 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि आरोपियों ने उसकी जेसीबी मशीन हड़प लिया था और बेच दी थी। आरोपियों ने उससे 26 लाख रूपए में जेसीबी मशीन खरीदी और एग्रीमेंट कर जेसीबी मशीन अपने साथ ले गए। मशीन को पूरा भुगतान करने की बजाय आरोपियों ने मशीन को हरियाणा में किसी व्यक्ति को बेच दी। मशीन में लगे जीपीएस सिस्टम से उसे पता चला कि मशीन हरियाणा में है। तब उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी।
एएसआई विनेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र सिंह ने पूछताछ में बताया कि साबला थाना क्षेत्र के बोडिगामा निवासी अमृत उर्फ अमतु पुत्र सरदारिया के कहने पर वह लोकेश व संदेश के साथ रोयड़ा गया। अमृत ने ही जेसीबी मशीन के मालिक प्यारेनाथ की जेसीबी मशीन को 26 लाख रूपए में खरीदा और एग्रीमेंट किया। उसने ही लोन की बकाया किस्त भरने का विश्वास दिलाया। विनेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने मशीन को हरियाणा के मुफिद नाम के व्यक्ति को 8-10 लाख रूपए में बेच दी थी।