PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के पानरवा थाना इलाके में शनिवार को केवड़ी जंगल में एक विवाहिता का शव मिलने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपी पति को जंगल में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। हत्या की वजह सामने आई है कि पत्नी बार-बार ससुराल छोड़कर पीहर में रह रही थी, जिससे पति नाराज था।
थानाधिकारी भागीरथ बुंदेला ने बताया कि 35 साल की कालीबाई, पत्नी नकालाल डामोर का शव बरामद किया गया। मृतका की गर्दन पर गला घोंटने के साफ निशान थे, जिसके बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और फोरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए। जांच से साफ हो गया कि कालीबाई की हत्या हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को रविवार शाम 5 बजे गिरफ्तार कर लिया था।
पत्नी बकरियां चराने गई थी, तभी जंगल में कर दी हत्या मृतका के पिता सुखलाल खराड़ी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि कालीबाई की शादी गांव के ही नकालाल से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। कुछ महीनों से घरेलू कलह के चलते कालीबाई पीहर में रह रही थी। शुक्रवार सुबह वह बकरियां चराने जंगल गई थी। दोपहर में बकरियां घर लौट आई लेकिन कालीबाई नहीं लौटी।
ग्रामीणों ने दोपहर में कालीबाई को उसके पति नकालाल के साथ जगल में देखा था। जब पिता ने नकालाल से अपनी बेटी के बारे में पूछा तो वह उन्हें गुमराह करता रहा। शनिवार सुबह कालीबाई का शव मिलने पर पिता ने सीधे पति पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था।
पुलिस ने केवड़ी के जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर नकालाल को डिटेन किया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि पत्नी के पीहर पक्ष द्वारा उसे ससुराल नहीं भेजने से वह गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
