PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
कृषि आयुक्त से मिले तखतगढ़ के समाजसेवी छगन लाल घांची,किसानों की फार्मर आईडी समस्या के समाधान का किया आग्रह
तखतगढ़, 24 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) तखतगढ़ उपतहसील क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से फार्मर आईडी (Farmer ID) नहीं बनने की समस्या को लेकर तखतगढ़ के समाजसेवी छगन लाल पुत्र देवाराम घांची ने शुक्रवार को राजस्थान कृषि विभाग के आयुक्त नरेश गोयल से जयपुर में व्यक्तिगत भेंट कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
भेंट के दौरान छगन लाल घांची ने कृषि आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि केंद्र सरकार की एग्रीस्टैक (AgriStack) योजना के तहत प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी बनाई जा रही है। जो आधार कार्ड एवं भूमि अभिलेखों से जुड़ी एक विशिष्ट डिजिटल पहचान है। वर्तमान में पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, कृषि अनुदान सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कृषि आयुक्त को अवगत कराया कि तखतगढ़ उपतहसील क्षेत्र के अधिकांश किसानों की फार्मर आईडी अब तक नहीं बन पाई है। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में भी हजारों किसान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं।
छगन लाल घांची ने कृषि आयुक्त से आग्रह किया कि तखतगढ़ उपतहसील क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी शीघ्र बनवाई जाए। साथ ही ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को तकनीकी सहायता एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी किसान केवल तकनीकी कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिस पर कृषि आयुक्त नरेश गोयल ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
छगन लाल घांची ने कहा कि किसानों की फार्मर आईडी समय पर बनने से उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सकेगा तथा डिजिटल कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

