PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर (पाली) | तखतगढ़ उपतहसील के बसंत गांव में शुक्रवार को बारिश के दौरान नदी तट स्थित गोशाला के निकट गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से करंट फैलने से 6 भैंसों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विद्युत पोल के इंसुलेटर में खराबी आने से करंट जमीन तक फैल गया और स्पार्किंग के बीच चर रही भैंसें उसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में भूराराम माली की दो, प्रवीण माली की दो तथा मंगलाराम माली की दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोसेलाव चौकी प्रभारी गोपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कोसेलाव और चाणौद से पशु चिकित्सकों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन को सूचना देने के बावजूद उसने फोन नहीं उठाया, जिससे करीब 15 मिनट तक लाइन में करंट प्रवाहित होता रहा।


