PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
भारतीय खाद्य निगम द्वारा जिले मे 4 रबी विपणन वर्ष 2026-27 के गेहूं खरीद केंद्र खोले जाएंगे
गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित10 मार्च से सभी खरीद केंद्र होंगे शुरू
तखतगढ 30 जनवरी (खीमाराम मेवाडा) गेहूं खरीद को लेकर किसानों के लिए महत्वपूर्ण एवं विस्तृत सूचना है। की अब की बार
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), मंडल कार्यालय अजमेर के अधीन रबी विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों से गेहूं की खरीद भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP पर की जाएगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पाली जिले में कुल चार गेहूं खरीद केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
भारतीय खाद्य निगम द्वारा स्वीकृत गेहूं खरीद केंद्र एवं उनके निर्धारित खरीद लक्ष्य इस प्रकार रहेगा
सुमेरपुर खरीद केंद्र – 1000 मीट्रिक टन,
बाली खरीद केंद्र – 1000 मीट्रिक टन,
तखतगढ़ खरीद केंद्र – 3000 मीट्रिक टन,
सांडेराव खरीद केंद्र – 1000 मीट्रिक टन।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सभी स्वीकृत खरीद केंद्र दिनांक 10 मार्च 2026 से पूर्ण रूप से कार्यशील हो जाएंगे।
भारतीय खाद्य निगम द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया है कि गेहूं खरीद की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी। गेहूं की तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटे से की जाएगी तथा गुणवत्ता की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाएगी।
खरीद के उपरांत किसानों को उनकी उपज का भुगतान सीधे जनाधार से लिंक बैंक खातों में अधिकतम 72 घंटों के भीतर कर दिया जाएगा। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपना जनाधार नंबर एवं बैंक खाता सही रूप से लिंक करवा लें, जिससे भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
भारतीय खाद्य निगम ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी गेहूं की उपज साफ-सुथरी अवस्था में एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नजदीकी स्वीकृत खरीद केंद्र पर लाकर समर्थन मूल्य योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। यह व्यवस्था किसानों को बाजार में मूल्य अस्थिरता से सुरक्षा प्रदान करने एवं उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
उपरोक्त जानकारी मंडल प्रबंधक राकेश कुमार की अगुवाई में अजमेर में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला एवं सम्मान समारोह के दौरान दी गई। इस अवसर पर भारतीय खाद्य निगम, राजफेड एवं नेफेड के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंडल प्रबंधक महोदय द्वारा विगत वर्ष किसानों से गेहूं खरीद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गुणवत्ता निरीक्षकों एवं भुगतान प्रभारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पाली जिले के तखतगढ़ खरीद केंद्र पर राज्य स्तर पर अभूतपूर्व गेहूं खरीद कार्य के लिए गुणवत्ता निरीक्षक दिलीप स्वामी को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मंडल प्रबंधक ने इस वर्ष भी अधिक से अधिक किसानों से भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम को प्रबंधक दिवाकर ब्यावट, रोहितास कुमार, डी. चावला, कमलेश कुमार मीणा, योगेन्द्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर गुणवत्ता निरीक्षक विजय सिंह रावत, बजरंग लाल नेहरा एवं दिलीप स्वामी द्वारा किसानों को खरीद के समय आने वाली समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान पर विस्तार से जानकारी दी गई।

