PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
निःशुल्क नेत्र शिविर में 634 मरीजों को मिला लाभ, 54 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु भैरव आई हॉस्पिटल, बिसलपुर भेजे गए
तखतगढ 23 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) ग्राम हिंगोला स्थित श्री उज्जैनी वीर मामाजी मंदिर परिसर में पी. एच. पुरोहित (रावतसिंह) चैरिटेबल ट्रस्ट, आदर्श होटल, मुंबई व बसंत एवं श्री भैरव चैरिटेबल ट्रस्ट, बिसलपुर द्वारा संचालित श्री भैरव आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में स्वर्गीय श्रीमती सरोजदेवी एवं स्वर्गीय श्री पुरुषोत्तमदासजी पुरोहित की पुण्य स्मृति में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया और इस आयोजन का कार्यभार न्यासी घनश्याम पुरोहित ने किया।
शिविर में हिंगोला, बसंत, पावा, गोगरा, कोसेलाव, राजपुरा सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। विशेषज्ञ नेत्र रोग चिकित्सकों की टीम द्वारा 634 मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच, उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार एवं आवश्यक सलाह दी गई।
जांच के उपरांत 54 मरीजों का चयन मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए किया गया। चयनित मरीजों को ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराकर श्री भैरव आई हॉस्पिटल, बिसलपुर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आधुनिक तकनीक से उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन के पश्चात मरीजों को सुरक्षित रूप से उनके गांव तक वापस पहुंचाने की व्यवस्था भी ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क की गई है।
पी. एच. पुरोहित (रावतसिंह) चैरिटेबल ट्रस्ट, बसंत के अध्यक्ष एवं सुमेरपुर पंचायत समिति के पूर्व प्रधान श्री पृथ्वीराज पुरोहित ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं निःशुल्क पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से निरंतर नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर हजारों लोगों को लाभान्वित कर चुका है। समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
ट्रस्ट के सचिव घनश्याम पुरोहित ने बताया कि वर्ष 2026 में आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर श्रृंखला का यह 73वां शिविर है, जबकि इस क्षेत्र में आयोजित पांचवां नेत्र चिकित्सा शिविर है। उन्होंने बताया कि शिविर में मरीजों को जांच, परामर्श, ऑपरेशन, दवाइयां, भोजन एवं आवागमन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
न्यासी जगदीश पी. पुरोहित ने बताया कि यह ट्रस्ट 1989 में अपने संस्थापक स्वर्गीय पुरुषोत्तमदास एच. पुरोहित द्वारा शुरू किए जाने के बाद से ही कई परोपकारी कार्य करने में अग्रसर है
पिछले साल भारत सरकार ने संस्थापक के सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया था।
इस अवसर पर पोछाराम भोपाजी, अनाराम भोपाजी, उम्मेद सिंह, अमर सिंह, मंगल सिंह, मूलाराम, इब्राहिम भाई सिलावट, दिलीप के. पुरोहित, मगन सिंह, कपिल सिंह एम., कालू सिंह, नरपत सिंह, हरीश, नारायण चौधरी, गणेश चौधरी सहित ट्रस्ट पदाधिकारी, चिकित्सकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



