PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
जातरुओं की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं- मेवाड़ा,रामदेवरा पैदल यात्रियों के लिए 12वें भंडारे का शुभारंभ
तखतगढ 16 अगस्त (खीमाराम मेवाडा) राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर बीपी पेट्रोल पंप के पास बापूनगर सरहद पर जन-जन की आस्था के प्रतीक व कलयुगी अवतार बाबा रामदेव के दर्शनार्थ जाने वाले भक्तजनों के लिए निशुल्क भंडारे का शुभारंभ कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी व पूर्व प्रधान हरिशंकर मेवाड़ा द्वारा किया गया। बाबा रामदेव के जयकारों के साथ मेवाड़ा ने बाबा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलित कर पूजा अर्चना की एवं आरती कर भंडारा शुरू किया। संत नारायणदास महाराज के सानिध्य में यह भंडारा एक माह तक चलेगा।
प्रबुद्धजनों द्वारा मेवाड़ा का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया गया। मेवाड़ा ने कहा कि रामदेवरा पैदल यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा करना अपने आप में एक महान पुण्य का कार्य है। भगवान के द्वार की ओर बढ़ने वाले इन भक्तों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं हो सकता। यह सेवा न केवल तन की थकान मिटाती है, बल्कि मन को भी शांति और आत्मिक संतोष प्रदान करती है। बाबा रामदेव की कृपा उन सभी पर अवश्य बरसती है जो निस्वार्थ भाव से यात्रियों की सेवा में लगे रहते हैं। सच्चा भक्ति भाव वही है, जहां मनुष्यता और सेवा दोनों साथ चलें।
रामदेवरा पैदल यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, यह आस्था, श्रद्धा और सेवा का अदभूत संगम है। ऐसे में इन यात्रियों की सेवा करना, वास्तव में भगवान के ही चरणों में सेवा करने के समान है। उन्होंने आमजन से धार्मिक कार्यों में दान देने की अपील की। संत नारायणदास महाराज के अनुसार रामदेवरा जाने वाले भक्तों की सुविधा के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह 12वां भंडारा है। जिसमें बापूनगर व नेहरूनगर वासी तन-मन से जातरूओं की सेवा में लगे हुए है। यहा भंडारे में उन्हें चाय-नाश्ता व सुबह-शाम का भोजन निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। साथ ही रात में ठहरने की भी व्यवस्था दी जा रहीं है। उन्होंने बताया कि भंडारा 15 सितंबर तक चलेगा। इस मौके पर पालड़ीजोड़ ग्राम पंचायत प्रशासक महेन्द्रसिंह मेवाड़ा, प्रकाश कुमार घांची, अलकेश परिहार, गणेशराम, समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

