PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाड़ा
सुमेरपुर-सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 9.90 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इस राशि से 21.35 किलोमीटर लंबी 10 मिसिंग लिंक और नॉन पेचेबल सड़कों का निर्माण होगा। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को बताया कि इन सड़कों से ग्रामीण और शहरी इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
कुमावत ने बताया कि 3.35 करोड़ रुपए की लागत से 7.60 किलोमीटर लंबी चार मिसिंग लिंक सड़कें बनेंगी। इनमें कोसेलाव-हिंगोला मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर सहयोग होटल से सिंदरू, आकदड़ा से वेनपुरा, एनएच-62 से भक्तों का नाडा तक सड़क शामिल है। 6.55 करोड़ रुपए की लागत से 13.75 किलोमीटर लंबी छह नॉन पेचेबल सड़कें बनेंगी। इनमें मंडली डेंडा-चाणोद गिरवर मार्ग (3 किमी), गुंदोज-गुड़ा सोनीगरा मार्ग (3 किमी), बलाना से राजपुरा संपर्क सड़क 2.20 किमी शामिल है। गोगरा, कानपुरा, पोमावा संपर्क सड़कों का नवीनीकरण भी होगा।
कुमावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सार्वजनिकनिर्माण मंत्री दीया कुमारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण की मांग हो रही थी। स्वीकृति से लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करेगा। निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।


