सुमेरपुर-एमएसपी पर खरीद 16 से पहले खरीद केंद्रों पर 10 मार्च से की जानी थी खरीद
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर-प्रदेश में रबी विपणन सीजन (आरएमएस) 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की तिथि में आंशिक संशोधन किया है।
राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जारी संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में गेहूं की खरीद 10 मार्च के स्थान पर 16 मार्च से शुरू होगी। यह खरीद 30 जून 2026 तक जारी रहेगी। विभाग के अनुसार प्रशासनिक कारणों से खरीद की प्रारंभ तिथि में बदलाव किया गया है। पहले जारी निर्देशों में 10 मार्च से खरीद शुरू करने का प्रावधानथा, जिसे संशोधित करते हुए 16 मार्च से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री द्वारा बजट 2026-27 के दौरान की गई घोषणा के अनुसार इस बार किसानों को गेहूं खरीद पर बोनस भी दिया जाएगा।
न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल के अलावा किसानों को 150 रुपए क्विंटल बोनस देंगे। पंजीकृत किसानों को कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा। खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर क्रय एजेंसियों के माध्यम से गेहूं बेचने वाले किसानों को यह राशि उनके जनाधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे जमा की जाएगी।
