• March 17, 2026

घांची समाज का सामूहिक विवाह 12 दिसंबर को, बैठक में हुआ निर्णय

PALI SIROHI ONLINE

सुमेरपुर। श्री क्षत्रिय घांची समाज सताविया पारा सेवा संस्थान की जनरल मीटिंग अध्यक्ष भंवर परमार की अध्यक्षता में आनंद पूर्णानंद बालिका छात्रावास परिसर सुमेरपुर में हुई। बैठक में सामूहिक विवाह आयोजित करवाने, समाज मं फैली कुरीतियों को मिटाने, समाज सुधार सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए। बैठक में सताविया पारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से समाज के प्रबुद्धजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

अध्यक्ष भंवर परमार ने बताया कि बैठक में सामूहिकविवाह समारोह आयोजित कराने पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से 12 दिसंबर 2026 को सामूहिक विवाह आयोजित करने का निर्णय लिया। समाज के लोगों से अधिक से अधिक जोड़ों का पंजीकरण करवाने का आह्वान किया, ताकि सामाजिक एकता के साथ-साथ फिजूल खर्ची पर भी अंकुश लगाया जा सके। बैठक में बताया कि समाज के बालिका छात्रावास का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।

भवन में ग्रेनाइट फिटिंग और पुट्टी का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए भामाशाहों से संपर्क कर छात्रावास की सदस्यता दिलाने और सहयोग का आग्रह किया। साथ ही, भामाशाहों से जल्द राशि जमा करवाने का निवेदन किया। खांगड़ी मेले की पत्रिका बांटी, शादी में अधिकतम 5 तोला सोना लाने का निर्णय : बैठक में खांगड़ी स्थित चारभुजानाथ मंदिर में 25 और 26 मार्च को आयोजित होने वाले समाज के मेले की आमंत्रण पत्रिका भी वितरित की।

सभी समाजजनों से मेले में भाग लेने का आह्वान किया। हाल ही में सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शादी समारोह में 5 तोला से अधिक सोने के गहने लाने पर प्रतिबंध रहेगा। समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने और सामाजिक सुधार के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन और गांवों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

You cannot copy content of this page